ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में शिव अभिषेक एवं भगवान नंदी की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न, भजन-कीर्तन के साथ हुआ भव्य आयोजन
कानपुर। गोविंद नगर के 10 ब्लॉक स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में आज भगवान शिव का विधि-विधान से अभिषेक एवं भगवान नंदी की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इसके उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में आचार्य पंडित मदन मोहन पांडेय एवं मंदिर के पुजारी पंडित अमरदीप पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान शिव का अभिषेक तथा भगवान नंदी की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय श्रद्धालुओं ने भगवान शिव, माता पार्वती एवं भगवान गणेश के भक्ति गीत गाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बाबा भोलेनाथ के जयकारों से मंदिर परिसर सहित आसपास का क्षेत्र गूंज उठा।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी जूही मंडल अध्यक्ष दीपू पासवान, वरिष्ठ नेता अवध बिहारी अवस्थी, धर्मेंद्र राय, दिलीप सिंह, मंडल मंत्री पप्पन मिश्रा, बूथ अध्यक्ष परमेश्वर गुप्ता, राजेंद्र सिंह भदौरिया, सोशल मीडिया प्रभारी कपिल खेमानी, सत्यदीप पांडेय, पंडित सतीश अवस्थी, महाराज सिंह कठेरिया, उमेश राय, नंदू पाल, शिव बहादुर सिंह, पंडित प्रदीप चतुर्वेदी, विभाकर मिश्रा, राकेश पाल, उत्तम सिंह एवं अशोक तिवारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस दौरान जूही मंडल मंत्री डॉ. समरदीप पांडेय ने कार्यक्रम में पहुंचे वरिष्ठजनों एवं बुजुर्गों को माला पहनाकर तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना दिया।


Post a Comment