किदवई नगर में पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, 11 किलो गांजा बरामद; महिला समेत 3 गिरफ्तार
135 पुलिसकर्मियों ने पांच टीमों में की घेराबंदी, ड्रोन कैमरे से भी की गई निगरानी
कानपुर नगर। कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना किदवई नगर क्षेत्र के कंजरपुरवा मोहल्ले में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। रविवार, 1 नवंबर 2026 को सुबह करीब 5 बजे शुरू हुए इस अभियान में पुलिस ने लगभग 11 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों सागर अरमान और एक महिला अंजली को गिरफ्तार किया।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन में डीसीपी साउथ के नेतृत्व तथा एसीपी घाटमपुर के पर्यवेक्षण में यह संयुक्त अभियान चलाया गया। क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और बाहरी लोगों द्वारा यहां से नशीले पदार्थ खरीदकर ले जाने की लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की गई।
अभियान में करीब 135 पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर पांच अलग-अलग टीमें गठित कीं, जिन्होंने एक साथ विभिन्न स्थानों पर सघन तलाशी और चेकिंग अभियान चलाया। ऑपरेशन के दौरान ड्रोन कैमरे की मदद से भी क्षेत्र की निगरानी की गई। पुलिस कार्रवाई के दौरान भागने का प्रयास कर रहे कुछ लोगों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
अब तक की कार्रवाई में सागर, अरमान और एक महिला सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। पुलिस की अन्य टीमें भी इलाके में तलाशी अभियान चलाकर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही हैं।
इस संयुक्त अभियान में एसीपी घाटमपुर के साथ थाना बाबूपुरवा, किदवई नगर, जूही और गोविंद नगर की पुलिस टीमें शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया है।
कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और खरीद-फरोख्त में संलिप्त लोगों के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Post a Comment