दक्षिण सर्राफा बाजार की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क, DCP दक्षिण ने व्यापारियों के साथ की बैठक
बैठक में डीसीपी दक्षिण ने व्यापारियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना और दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सर्राफा व्यापारियों से अपनी दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे, सिक्योरिटी अलार्म सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों को सक्रिय एवं दुरुस्त रखने की अपील की।
उन्होंने व्यापारियों से कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी मिलने अथवा अफवाह फैलने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही बाजारों में जाम की समस्या से बचने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
डीसीपी दक्षिण ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि दीपावली के दौरान बाजारों में लगातार पैदल गश्त की जाएगी। इसके अलावा पिकेट ड्यूटी और सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
गोष्ठी में मौजूद सर्राफा व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा दीपावली का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक गोविंद नगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी उपस्थित रहे।

Post a Comment