सजेती पुलिस ने विद्युत तार चोरी करने वाले गैंग का किया पर्दाफाश, चार अभियुक्त गिरफ्तार
कानपुर नगर। घाटमपुर सर्किल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी और विद्युत तार काटने की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का थाना सजेती पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोबारा चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे गिरोह के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना सजेती क्षेत्र में करीब 750 मीटर विद्युत तार चोरी होने के मामले में दो अभियोग पंजीकृत थे। इन घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चोरी की घटनाओं का खुलासा किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई एक होंडा कार, एक वायर कटर मशीन और करीब 46 किलोग्राम एल्युमीनियम तार बरामद किया गया है। इसके अलावा अभियुक्त बृजेन्द्र के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त दिलीप उर्फ परमलाल निवासी हमीरपुर गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। उसके खिलाफ चोरी, गैंगस्टर, लूट और नकबजनी सहित आठ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, दूसरा अभियुक्त बृजेन्द्र पुत्र नाथूराम निवासी महोबा पूर्व में चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।
पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए विद्युत तार को हमीरपुर निवासी मुन्ना कबाड़ी को बेचा जाता था। पुलिस अब मुन्ना कबाड़ी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इस पूरी कार्रवाई में एसीपी घाटमपुर का प्रभावी पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन रहा। पुलिस द्वारा गिरफ्तार चारों अभियुक्तों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, गैंग का पर्दाफाश करने वाली थाना सजेती पुलिस टीम को उत्कृष्ट कार्य के लिए ₹10,000 के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
बाइट – श्री दीपेंद्र नाथ चौधरी, पुलिस उपायुक्त दक्षिण।

Post a Comment