बाबूपुरवा पुलिस का बड़ा एक्शन: चेन स्नैचिंग करने वाले तीन बाल अपचारी पकड़े, लूटी गई चेन बरामद
कानपुर। किदवई नगर क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले तीन बाल अपचारियों को थाना बाबूपुरवा पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन के तीन टुकड़े बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, किदवई नगर में प्रेम ब्रास बैंड के पास हर्ष कुमार के गले से झपट्टा मारकर दो सोने की चेन छीन ली गई थीं। इनमें एक चेन का वजन करीब 30 ग्राम और दूसरी का वजन 10 ग्राम था। पीड़ित की शिकायत पर थाना बाबूपुरवा में मुकदमा अपराध संख्या 280/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमों को लगाया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। लगातार प्रयासों के बाद 13/14 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे पुलिस ने तीन बाल अपचारियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने पकड़े गए बाल अपचारियों की निशानदेही पर सोने की चेन के तीन टुकड़े, जिनकी लंबाई क्रमशः 14, 10 और 09 सेंटीमीटर है, बरामद किए। वहीं घटना में शामिल साहिल नाम का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में पुलिस उपायुक्त दक्षिण श्री दीपेंद्र नाथ चौधरी ने पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी।
Post a Comment