साइबर अटैक! LPG के नाम पर सिर्फ 4 दिन में लूट लिए 26 लाख
LPG Gas Shortage: लोग पहले से ही गैस की किल्लत को लेकर टेंशन में हैं. उनकी इसी परेशानी का फायदा उठाकर साइबर ठग उनको अपना निशाना बना रहे हैं और उनकी मेहनत की कमाई पर अपना हाथ साफ कर रहे हैं.
मुंबई:ईरान-इजरायल जंग के बीच देशभर से LPG गैस की किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं. महाराष्ट्र के कई शहरों से भी ऐसी खबरें सामने आ चुकी हैं. इस बीच धांधली करने वाला गिरोह भी एक्टिव हो गया है. गैस की कमी को लेकर लोग पहले से ही डरे हुए हैं. इस बीच साइबर ठग गैस कनेक्शन काटने का डर दिखाकर लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं. ऐसा ही मामला मुंबई से भी सामने आया है. साइबर ठगों ने गैस कनेक्शन काटने के नाम पर 4 दिनों में मुंबईकरों से 26 लाख रुपये से ज्यादा लूट लिए.
LPG कनेक्शन के नाम पर साइबर ठगी
साइबर अपराधी अंतरराष्ट्रीय गैस किल्लत और ईरान-इजरायल युद्ध का फायदा उठाकर लोगों को ठग रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, जालसाज 'महानगर गैस लिमिटेड' के अधिकारी बनकर फोन करते हैं और बिल बकाया होने या कनेक्शन कटने की धमकी देते हैं. कनेक्शन बचाने के लिए पहले मात्र 10-20 रुपये का भुगतान करने को कहा जाता है और एक 'mahanagar apk' फाइल डाउनलोड कराई जाती है, जिससे क्लिक करते ही पीड़ित का बैंक अकाउंट खाली हो जाता है.
4 दिन में लूटे 26 लाख 43 हजार रुपये
पिछले 4 दिनों में विले पार्ले, वडाला जैसे इलाकों में 4 ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें लोगों को कुल 26 लाख 43 हजार रुपये की चपत लगाई गई है. लोग पहले से ही गैस की किल्लत को लेकर टेंशन में हैं. उनकी इसी परेशानी का फायदा उठाकर साइबर ठग उनको अपना निशाना बना रहे हैं और उनकी मेहनत की कमाई पर अपना हाथ साफ कर रहे हैं.

Post a Comment