सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएम

सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएम

सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएम
रिपोर्ट: राजेश निगम 


कानपुर। जनपद में घरेलू LPG गैस की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कैंप कार्यालय में की। बैठक में क्रूड ऑयल, पेट्रोल-डीजल और घरेलू LPG की उपलब्धता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में एडीएम (सिविल सप्लाई) राजेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह तथा पेट्रोलियम कंपनियों IOCL, BPCL और HPCL के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जनपद में LPG की आपूर्ति सामान्य

पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जनपद में घरेलू LPG सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है।

वर्तमान में जनपद में LPG के कुल 11,44,075 सक्रिय उपभोक्ता हैं, जिनमें

IOCL के 7,15,814

BPCL के 2,21,252

HPCL के 2,07,009 उपभोक्ता शामिल हैं।

सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।



कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी के निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखी जाए। यदि कोई व्यक्ति घरेलू सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बुकिंग के क्रम से मिलेगी गैस

जिलाधिकारी ने गैस कंपनियों को निर्देशित किया कि सिलेंडरों की आपूर्ति फर्स्ट इन फर्स्ट आउट के आधार पर की जाए। जिस उपभोक्ता की बुकिंग पहले होगी, उसे प्राथमिकता के आधार पर पहले सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति उपभोक्ताओं के घर पर ही की जाएगी तथा ओटीपी व्यवस्था अनिवार्य रहेगी। सिलेंडर प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी आने की आवश्यकता नहीं है।

अफवाहों पर न दें ध्यान

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने नागरिकों से अपील की कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। जनपद में घरेलू एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति भी सुचारू

पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि जनपद में कुल 319 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जहां पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कहीं भी कमी की स्थिति नहीं है।

कमर्शियल कनेक्शन को भी मिलेगी प्राथमिकता

गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों के अनुसार जनपद में लगभग 11 हजार कमर्शियल गैस कनेक्शन हैं। अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को कमर्शियल कनेक्शन के अनुरूप सिलेंडरों की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। आपूर्ति श्रृंखला बेहतर होने पर अन्य सभी कमर्शियल कनेक्शन धारकों को भी सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी स्तर पर उपभोक्ताओं को असुविधा न होने दी जाए।

This is the most recent post.
Older Post

Post a Comment

[blogger][facebook][disqus][spotim]

Author Name

NEWSBIN24

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.