एक आम तोड़ने पर 70 साल के बुजुर्ग की हत्या, लाश के टुकड़े कर बांध में फेंका! 4 गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में महज आम तोड़ने के विवाद में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की पानी में डुबोकर हत्या करने का खौफनाक मामला सामने आया है. आरोपियों ने हत्या को हादसे का रूप देने की साजिश रची थी, लेकिन परिजनों के भारी हंगामे और पुलिस की वैज्ञानिक जांच के बाद इस खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया. पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
लाश मिलने पर भड़का था परिजनों का गुस्सा
यह पूरा मामला थाना जाखलौन क्षेत्र के नया गांव का है. 2 जून की देर रात 70 वर्षीय बुजुर्ग धनीराम झा का शव गांव के ही एक जलाशय में क्षत-विक्षत हालत में मिला था. पुलिस ने शुरुआत में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें मौत का कारण पानी में डूबना पाया गया. लेकिन मृतक के परिजनों ने इसे सोची-समझी हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए. इंसाफ की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने एसपी ऑफिस का घेराव किया और घंटाघर पर चक्का जाम कर उग्र प्रदर्शन किया.
'हाथ काट कर मार डालने' की मिली थी धमकी
परिजनों ने पुलिस को बताया कि गांव के ही दबंग कलामुद्दीन खान, गफूर खान, कंछेदी खान और वाहिद खान ने धनीराम को मौत से ठीक पहले गंभीर धमकी दी थी. आरोपियों ने कहा था कि, "तूने हमारे पेड़ से आम तोड़ा है, इसलिए तेरे हाथ काटकर तेरी हत्या कर देंगे."
बुजुर्ग का शव ठीक उसी हालत में मिला जैसा कि आरोपियों ने धमकी दी थी. मृतक के पुत्र अनिल झा ने बताया, "खेत की रखवाली के दौरान आम तोड़ने पर गांव के इस दबंग परिवार के लोगों ने मेरे पिता को जान से मारने की धमकी दी थी. इसके दो दिन बाद मेरे पिता का हाथ और पेट कटा हुआ शव बांध के पानी में उतराता मिला. ये आरोपी पहले भी गांव में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं, लेकिन हर बार बच निकलते थे. इस बार उन्होंने मेरे बुजुर्ग पिता की जान ले ली."
पुलिस जांच में हुआ साजिश का बड़ा खुलासा
परिजनों के भारी आक्रोश और प्रदर्शन के बाद हरकत में आई पुलिस ने मामले की गहराई से पड़ताल की, तो एक बड़ी और खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ. अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि इस घटना को लेकर 3 जून को थाना जाखलौन में मुकदमा दर्ज किया गया था. हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की 6 टीमों का गठन किया गया था. टीमों ने वैज्ञानिक विधियों और साक्ष्यों का प्रयोग करते हुए 6 जून को इस पूरे मामले का सफल अनावरण किया.
.webp)
Post a Comment