इन लोगों को मिल सकता है नोटिस, LPG गैस वालों के लिए जरूरी खबर, अब PNG अपनाने पर जोर,
अगर आप LPG गैस सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं, तो ये खबर आपके लिए है. तेल कंपनियों और सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों को कुछ खास उपभोक्ताओं को नोटिस भेजने के निर्देश दिए गए हैं. आइए जानते हैं इस बारे में-
अगर आपके घर में LPG गैस सिलेंडर इस्तेमाल होता है, तो यह खबर आपके बहुत काम की है. केंद्र सरकार अब देशभर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है. जिन इलाकों में PNG की सुविधा उपलब्ध है, वहां लोगों को धीरे-धीरे एलपीजी से PNG की ओर शिफ्ट करने की योजना पर काम किया जा रहा है. ऐसे में कुछ लोगों को इसके लिए नोटिस भी भेजा जा सकता है.
क्यों उठाया जा रहा है यह कदम?
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव नीरेज मित्तल की ओर से जारी एक पत्र के मुताबिक, दुनिया में चल रहे हालात को देखते हुए LPG पर निर्भरता कम करना जरूरी हो गया है. खासतौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण गैस की सप्लाई और कीमतों पर असर पड़ सकता है.
इसके अलावा, LPG पर सरकार को भारी खर्च भी करना पड़ रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को हर एलपीजी सिलेंडर पर करीब 690 रुपये का नुकसान हो रहा है. अगर पूरे साल का हिसाब लगाया जाए तो यह नुकसान करीब 1.38 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है. इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत गरीब परिवारों को हर सिलेंडर पर 300 रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी भी दी जाती है. इस योजना पर सरकार को हर साल करीब 19 हजार करोड़ रुपये खर्च करने पड़ते हैं.
किन लोगों को मिल सकता है नोटिस?पीआईबी की एक रिलीज के मुताबिक, तेल कंपनियों और सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनियों को कुछ खास उपभोक्ताओं को नोटिस भेजने के निर्देश दिए गए हैं.
- अगर आपके घर में PNG कनेक्शन लग चुका है, लेकिन आपने अपना एलपीजी कनेक्शन अभी तक सरेंडर नहीं किया है, तो आपको नोटिस मिल सकता है. सरकार का मानना है कि इससे एलपीजी के अनावश्यक इस्तेमाल और कालाबाजारी पर रोक लगेगी.
- अगर आपके क्षेत्र में PNG पाइपलाइन बिछ चुकी है और फिर भी आपने PNG कनेक्शन नहीं लिया है, तो आपको भी इस अभियान के तहत जागरूक किया जा सकता है और नोटिस भेजा जा सकता है.
हालांकि, सरकार ने उपभोक्ताओं को कुछ राहत भी दी है. नए नियमों के मुताबिक, PNG कनेक्शन लेने के बाद आप 30 दिनों के अंदर अपना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर सकते हैं. इसके अलावा, अगर भविष्य में आप ऐसे इलाके में शिफ्ट होते हैं जहां PNG की सुविधा नहीं है, तो आप ट्रांसफर वाउचर का ऑप्शन चुन सकते हैं. इसकी मदद से आप बाद में अपना एलपीजी कनेक्शन फिर से शुरू करा सकेंगे.
ऐसे में अगर आपके इलाके में PNG की सुविधा है, तो आपको इसकी जानकारी जरूर लेनी चाहिए. वहीं, अगर आपके पास पहले से PNG और LPG दोनों कनेक्शन हैं, तो नोटिस मिलने से पहले अपना LPG कनेक्शन सरेंडर करना समझदारी भरा कदम हो सकता है.
Post a Comment