UP Ayushman Card 2026: कौन है पात्र, क्या चाहिए डॉक्यूमेंट और कैसे करें अप्लाई? यहां पढ़ें A to Z जानकारी
उत्तर प्रदेश देश में सबसे ज्यादा आयुष्मान कार्ड बनाने वाला राज्य बन चुका है. अब तक प्रदेश में 5.64 करोड़ से ज्यादा कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो करोड़ों परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मुहैया करा रहे हैं. आप भी पीछे न रहें, अभियान का फायदा उठाएं और आज ही अपना कार्ड बनवाएं. जानें क्या हैं नियम?UP News: उत्तर प्रदेश के हर शहर में स्पेशल कैंप लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिसकी मदद से आप 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज पा सकते हैं. इस कैंप की शुरुआत 15 मई को हुई जो अगले 46 दिन और चलने वाले हैं. ऐसे में अगर आपने अभी तक अपना कार्ड नहीं बनवाया है तो और देर न करें. 14 अगस्त से पहले अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल या गांव-मोहल्ले में लगाए गए विशेष कैंप में जाकर आयुष्मान कार्ड बनवा लें. अगर आपके मन में पात्रता, दस्तावेज या खर्चे को लेकर कोई सवाल है, तो परेशान न हों. इस खबर में हमने आपके हर सवाल का जवाब दिया है.
आयुष्मान कार्ड कौन बनवा सकता है?
आयुष्मान भारत योजना (PM-JAY) के सरकारी नियमों के अनुसार, आयुष्मान कार्ड मुख्य रूप से देश के गरीब, बेसहारा और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बनाया जाता है, जिसमें गांव के कच्चे मकानों में रहने वाले परिवार, भूमिहीन मजदूर, अनुसूचित जाति/जनजाति (SC/ST) के लोग, और शहरों में रहने वाले मजदूर जैसे कचरा बीनने वाले, रेहड़ी-पटरी वाले, रिक्शा चालक या घरेलू कामगार शामिल हैं. सरकारी और वेतनभोगी कर्मचारी, टैक्स देने वाले लोग या पक्के बड़े मकानों वाले संपन्न परिवार इस योजना में शामिल नहीं हो सकते.
हालांकि, सरकार के नए फैसले के तहत अब 70 साल या उससे अधिक उम्र के सभी बुजुर्ग भी इस योजना के पात्र हैं, चाहे उनकी आमदनी कितनी भी हो.
आयुष्मान कार्ड पात्रता कैसे चेक करें?
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) के आधिकारिक बेनिफिशियरी पोर्टल पर जाकर आप घर बैठे ऑनलाइन अपने आयुष्मान कार्ड की पात्रता बहुत आसानी से चेक कर सकते हैं. इसके लिए आपको नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करना होगा.
- सबसे पहले NHA Beneficiary Portal पर जाएं.
- पोर्टल के मेन पेज पर 'Beneficiary' ऑप्शन पर क्लिक करें.
- फिर अपना मोबाइल नंबर डालें और 'Verify' पर क्लिक करें.
- आपके मोबाइल पर आए OTP को भरकर लॉगिन करें.
- लॉगिन होने के बाद अपने State का नाम चुनें और योजना में PMJAY को सिलेक्ट करें.
- अपने जिले का नाम चुनें. इसके बाद Search By में जाएं, जहां आप अपने राशन कार्ड नंबर, आधार कार्ड नंबर या नाम में से कोई एक विकल्प चुन सकते हैं.
- अपना आधार नंबर या राशन कार्ड नंबर दर्ज करें और सामने बने Search आइकॉन पर क्लिक करें.
- यदि आपका परिवार इस योजना के लिए पात्र है, तो स्क्रीन पर आपके परिवार के सभी सदस्यों के नाम की सूची आ जाएगी.
- जिन सदस्यों का कार्ड बन सकता है या बन चुका है, उनके नाम के आगे इसका स्टेटस, जैसे Approved या Identified दिख जाएगा.
पात्रता सूची में नाम होने पर आप घर बैठे अपने मोबाइल से या पास के केंद्र पर जाकर बिल्कुल मुफ्त में अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं.
आयुष्मान कार्ड घर बैठे कैसे बनाएं?
- गूगल प्ले स्टोर से आधिकारिक Ayushman App इंस्टॉल करें.
- ऐप खोलकर Beneficiary ऑप्शन पर क्लिक करें.
- अब अपना मोबाइल नंबर डालकर OTP के जरिए लॉगिन करें.
- योजना में PMJAY चुनें, अपना राज्य, जिला सिलेक्ट करें और आधार नंबर या राशन कार्ड नंबर डालकर सर्च करें.
- आपके परिवार की लिस्ट खुलेगी. जिस सदस्य का कार्ड बनाना है, उसके नाम के आगे Do e-KYC पर क्लिक करें.
- वेरिफकेशन के लिए Aadhaar OTP का ऑप्शन चुनें. अगर आधार से मोबाइल नंबर लिंक नहीं है, तो आप Face Authentication चुनकर चेहरे को स्कैन भी कर सकते हैं.
- ऐप में अपने मोबाइल कैमरे से एक साफ लाइव फोटो खींचें.
- इसके बाद अपना मोबाइल नंबर, पिन कोड और ग्रामीण/शहरी क्षेत्र की जानकारी भरें.
- सभी जानकारी भरने के बाद Submit पर क्लिक करें.
- यदि आपका डेटा आधार से मैच हो जाता है, तो कार्ड तुरंत Approved हो जाता है और कुछ देर बाद वहीं से डाउनलोड करने का विकल्प मिल जाता है.
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए क्या-क्या डॉक्यूमेंट चाहिए?
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए मुख्य रूप से केवल दो ही जरूरी दस्तावेज चाहिए. पहला आपका 'आधार कार्ड' और दूसरा आपके परिवार का 'राशन कार्ड'. आधार कार्ड का इस्तेमाल आपकी खुद की पहचान और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए होता है, जबकि राशन कार्ड से यह देखा जाता है कि आपका नाम सरकारी पात्रता सूची में शामिल है या नहीं. इसके अलावा आपके पास एक चालू मोबाइल नंबर होना चाहिए, जिस पर OTP आ सके. आपको किसी भी तरह का इनकम या जाति प्रमाण पत्र देने की बिल्कुल जरूरत नहीं होती है.

Post a Comment