कानपुर: ढाबा संचालक से चेन स्नेचिंग करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, 250 से अधिक CCTV खंगालकर पुलिस ने की पहचान
कानपुर। जीटी रोड स्थित कानपुर हाईवे के एक ढाबे पर पानी की बोतल लेने के बहाने आए बदमाशों द्वारा ढाबा संचालक से सोने की चेन और रुद्राक्ष की माला लूटने की सनसनीखेज वारदात का चकेरी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पानी की बोतल लेने के बहाने आए थे बदमाश
यह वारदात 10 अक्टूबर 2026 की है। जीटी रोड स्थित हाईवे के एक ढाबे पर तीन आरोपी बाइक से आए थे। उन्होंने ढाबा संचालक से पानी की बोतल मांगी। इसके बाद जब वे रुपये देने के बहाने संचालक के पास आए, तो अचानक उन्होंने झपट्टा मारकर ढाबा संचालक के गले से सोने की चेन और रुद्राक्ष की माला छीन ली और मौके से फरार हो गए।
250 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगाली
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित एक्शन लिया। मामले के अनावरण के लिए थाना पुलिस की छह टीमें और सर्विलांस की एक टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीमों ने हाईवे और आसपास के इलाकों में लगे 250 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला, जिसके बाद आरोपियों की पहचान सुनिश्चित हो सकी।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
पुलिस ने जाल बिछाकर घटना में शामिल एक आरोपी को दबोच लिया है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए वारदात में शामिल अपने दो अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया माल बरामद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का बयान (बाइट):"ढाबा संचालक से चेन और रुद्राक्ष की माला झपटने की घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने पूछताछ में अपने दो अन्य साथियों की संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से माल की बरामदगी व अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। शेष दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"— श्री आशुतोष कुमार सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त (ACP), चकेरी

Post a Comment