थाईलैंड की महिला से 60 लाख रुपये की ठगी का आरोप, अभियुक्त गिरफ्तार
कानपुर। थाना अनवरगंज क्षेत्र में थाईलैंड की एक महिला द्वारा सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती के बाद विवाह का झांसा देकर करीब 60 लाख रुपये की धनराशि हड़पने, मारपीट करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।महिला के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान अनवरगंज क्षेत्र निवासी इरफान से हुई थी। आरोप है कि इरफान ने थाईलैंड जाकर स्वयं को अविवाहित बताते हुए उससे विवाह किया। इसके बाद अलग-अलग माध्यमों से धीरे-धीरे करीब 60 लाख रुपये प्राप्त किए और बाद में महिला से संपर्क समाप्त कर दिया।
महिला का आरोप है कि इरफान की तलाश करते हुए जब वह उसके घर पहुंची तो उसके साथ मारपीट की गई। साथ ही उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया और धर्म परिवर्तन के बाद ही विवाह तथा वैवाहिक जीवन साथ बिताने की बात कही गई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना अनवरगंज में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा अभियुक्त से पूछताछ के साथ ही प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों, लेन-देन और आरोपों की जांच की जा रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, महिला थाईलैंड में व्यापार करती हैं और वहां कैंटीन एवं रेस्टोरेंट का संचालन करती हैं। महिला ने बताया कि आरोपी को दी गई रकम में व्यापार से प्राप्त आय के अलावा रिश्तेदारों से उधार लेकर दी गई धनराशि भी शामिल है। पुलिस द्वारा धनराशि के लेन-देन और महिला द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों का आवश्यक सत्यापन एवं साक्ष्य संकलन किया जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल श्री अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Post a Comment