भौती बाईपास पर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, निजी बसों की फायर सेफ्टी व्यवस्था परखी
कानपुर नगर। यात्री वाहनों की सुरक्षा और सड़क हादसों की रोकथाम को लेकर कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस ने Meet & Greet एवं Fire Security Check अभियान के तहत भौती बाईपास चेक प्वाइंट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। डीसीपी ट्रैफिक श्री अभय नाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहनों एवं निजी एसी बसों को रोककर सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की।अभियान के दौरान बसों में फायर एक्सटिंग्विशर समेत अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को मौके पर परखा गया। पुलिस ने वाहन संचालन से जुड़े सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर देते हुए बस चालकों, परिचालकों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्री सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। चालकों को निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने, वाहन को नियंत्रित एवं सुरक्षित गति से चलाने तथा फायर सेफ्टी उपकरणों को हमेशा दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही आपात स्थिति उत्पन्न होने पर यात्रियों को सुरक्षित निकालने और उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए भी जागरूक किया गया।
डीसीपी ट्रैफिक के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से यात्री वाहनों के संचालकों में सुरक्षा मानकों को लेकर सतर्कता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस द्वारा यात्री वाहनों की नियमित चेकिंग, सुरक्षा मानकों की निगरानी और नियमों के अनुपालन को लेकर अभियान आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही गई है।

Post a Comment