ओवरस्पीड पर शिकंजा: कानपुर में 132 वाहनों के चालान, यातायात नियमों के उल्लंघन पर 858 पर कार्रवाई
एनएच-34, एनएच-19 और गंगा बैराज पर इंटरसेप्टर मोबाइल से निगरानी; वाहन चालकों से यातायात नियमों के पालन की अपील
कानपुर नगर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से कानपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना के तहत तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर दो, राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर दो तथा गंगा बैराज पर एक इंटरसेप्टर मोबाइल तैनात की गई है।
29 सितंबर 2026 को ओवरस्पीड के विरुद्ध चलाए गए अभियान में कुल 132 वाहनों का चालान किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर 17 ट्रक, 3 बस तथा 50 चार पहिया/दो पहिया समेत कुल 70 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई हुई। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक बस तथा 40 चार पहिया/दो पहिया समेत कुल 41 वाहनों का ओवरस्पीड में चालान किया गया। वहीं, गंगा बैराज पर
21 वाहनों के विरुद्ध ओवरस्पीड की कार्रवाई की गई।
28 सितंबर को 858 वाहनों पर यातायात नियमों के उल्लंघन में कार्रवाई
उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार कानपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा 28 सितंबर 2026 को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 858 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
रॉन्ग साइड: 75
ट्रिपल सवारी (दो पहिया): 43
एचएसआरपी: 28
अन्य यातायात उल्लंघन: 712
कुल: 858 वाहन
यातायात पुलिस ने की अपील
यातायात पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, रॉन्ग साइड वाहन न चलाएं तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। इसके साथ ही ओवरटेक दाहिनी ओर से करने, यातायात संकेतों का पालन करने और शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की गई है।
पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल वाहन चालक की सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी बेहद आवश्यक है।
एम्बुलेंस को दें तत्काल रास्ता
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि सड़क पर एम्बुलेंस दिखाई देने पर उसे प्राथमिकता देते हुए तत्काल रास्ता दें। आपकी जागरूकता, संवेदनशीलता और त्वरित प्रतिक्रिया किसी व्यक्ति के अनमोल जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
हेल्पलाइन:
ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 9305104340
ग्रीन कॉरिडोर सेल: 9454402413
“सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा—यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।”


Post a Comment