चकेरी में महिला की हत्या का आरोपी पप्पू पासवान गिरफ्तार, शादी और विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, देवरिया जनपद के बघौचघाट निवासी नाजिया खातून ने 24 अक्टूबर को चकेरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी बहन काजल को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया गया और शादी का दबाव बनाने पर उसकी हत्या कर दी गई। मामले में चकेरी थाने पर मु0अ0सं0 0714/2026 के तहत बीएनएस की धारा 69 और 103(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
शादी और पुराने मुकदमों को लेकर होता था विवाद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी पप्पू पासवान ने बताया कि उसकी मुलाकात काजल से वर्ष 2021 में एक मकान की मरम्मत के दौरान हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और वर्ष 2022 में उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली। आरोपी के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिलने के बाद काजल ने उसके खिलाफ बिधनू थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि दोनों के बीच पुराने मुकदमे, साथ रहने और शादी को लेकर अक्सर विवाद होता था। आरोपी का दावा है कि इन्हीं विवादों से परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई।
गला दबाकर हत्या करने की बात कबूली
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 21 अक्टूबर 2026 को स्वर्ण जयंती विहार स्थित किराये के मकान में काजल के साथ फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान उसने दोनों हाथों से गला दबाकर काजल की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अधिकारियों के निर्देशन में चकेरी पुलिस और सर्विलांस टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गोकुल ग्राउंड के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी: पप्पू पासवान पुत्र शिवराम, निवासी पीपरगवां, थाना सेन पश्चिम पारा, कानपुर नगर, उम्र लगभग 42 वर्ष।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक भानु प्रकाश, उपनिरीक्षक सुरदीप डागर, उपनिरीक्षक हेमंत प्रकाश सहित थाना चकेरी और पूर्वी जोन की सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध बिधनू थाने में वर्ष 2022 का एक मुकदमा भी दर्ज है। महिला की हत्या के मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment