26/11 मुंबई हमलों की चार्जशीट में कौन था आरोपी नंबर 20........(मेजर जनरल साहब) कसाब ने बताया था. उसी ने बनाया था पक्का जिहादी
मुंबई हमलों की चार्जशीट में 'आरोपी नंबर 20' के तौर पर इस शख्स का जिक्र होता है. लेकिन इसका न तो नाम पता है, न कोई तस्वीर है और न ही कोई स्केच.मुंबई में 26 नवंबर 2008 को जो आतंकी हमले हुए थे, उसे 18 साल बीत चुके हैं. इन आतंकी हमलों में पाकिस्तानी सेना और ISI की भूमिका पूरी तरह से साबित हो चुकी है. फिर भी इस खतरनाक साजिश के पीछे एक 'रहस्यमयी शख्स' अब भी पर्दे के पीछे ही है.
उस 'अज्ञात शख्स' को सिर्फ उसकी रैंक से पहचाना जाता है. 26/11 की चार्जशीट और अदालती दस्तावेजों में बार-बार उसका जिक्र होता है.
'आरोपी नंबर 20: मेजर जनरल साहब'
चार्जशीट में 'आरोपी नंबर 20: मेजर जनरल साहब, नाम- अज्ञात' के रूप में दर्ज है. यह व्यक्ति 2009 की चार्जशीट में शामिल 32 पाकिस्तानियों में से इकलौता ऐसा शख्स है जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. जिंदा पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी अजमल कसाब ने पूछताछ करने वालों को विस्तार से बताया था कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हमला करने वाले 10 आतंकवादियों को ट्रेनिंग देने में 'मेजर जनरल साहब' की क्या भूमिका थी.
कसाब और डेविड हेडली के बयानों के आधार पर तैयार की गई NIA की चार्जशीट में पाकिस्तान सेना के कई अधिकारियों के नाम शामिल हैं - जिनमें मेजर जनरल मुहम्मद खालिद राव, स्पेशल कम्युनिकेशंस ऑर्गनाइजेशन (SCO) के कर्नल सादातउल्लाह, मेजर इकबाल और उनके सीनियर लेफ्टिनेंट कर्नल हमज़ा शामिल हैं - लेकिन 'मेजर जनरल साहब' की पहचान अभी भी एक रहस्य बनी हुई है.
इस मेजर जनरल की न तो कोई तस्वीर है और न ही स्केच. उसकी पहचान के बारे में केवल कसाब की पुलिस पूछताछ रिपोर्ट से ही कुछ सुराग मिलते हैं.
मुंबई पुलिस को दिए अपने बयान में, कसाब ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और पाकिस्तानी सेना से मिली ट्रेनिंग के अलग-अलग चरणों के बारे में विस्तार से बताया. उसने अपने बयान में 'मेजर जनरल साहब' नाम के एक रहस्यमयी व्यक्ति का भी जिक्र किया, जो मुजफ्फराबाद स्थित लश्कर के ट्रेनिंग कैंप में आया करते थे.
कसाब ने क्या बताया था?
कसाब ने पूछताछ करने वालों को बताया, 'इस ट्रेनिंग के दौरान, एक अनजान व्यक्ति भी वहां मौजूद था. उस समय हाफिज सईद और लखवी वहां आए, उस अनजान व्यक्ति से मिले और उसे गले लगाया. इसके बाद से ही उसे 'मेजर जनरल' कहा जाने लगा. इसी मेजर जनरल ने आठ सप्ताह तक चली उस ट्रेनिंग की देखरेख की, जिसने हमें 'पक्का जिहादी' बना दिया.'
कसाब के अनुसार, अगस्त 2008 में लश्कर के ट्रेनिंग कैंप में 'मेजर जनरल' फिर से आए, ताकि वो नए रंगरूटों का 'हौसला बढ़ा' सकें. उन्होंने कसाब से यह भी पूछा कि क्या उसे तैरना आता है.
कसाब ने बताया, 'मेजर जनरल कैंप में आए और सईद और लखवी को गले लगाने के बाद, उन्हें एक तरफ ले जाकर अकेले में बात की. जब वे तीनों वापस आए, तो लखवी ने बताया कि मेजर जनरल हमारी तैयारियों को परखना चाहते थे. मेजर जनरल ने हाफिज सईद से कहा, 'सईद साहब, आप टारगेट सेट करें.' सईद ने कोर्स कमांडर से 10 टारगेट लगाने को कहा और निर्देश दिया, 'जब मैं फायर करने को कहूं, तो आप सभी एक-एक गोली चलाएं, और जब मैं दो बार फायर करने को कहूं, तो लगातार गोलियां (रैपिड फायर) चलाएं.' इशारे मिलते ही, सभी 10 लोगों ने गोलियां चलाईं और अपने-अपने टारगेट पर निशाना लगाया.' उसने यह भी बताया कि इस ड्रिल के बाद मेजर जनरल ने उसकी पीठ थपथपाई थी।
26 नवंबर की रात को, जब 10 आतंकवादियों ने इस महानगर में चुनिंदा जगहों पर हमला किया, तो 26 विदेशियों सहित 170 से ज्यादा लोग मारे गए। साथ ही, उन्होंने दो फाइव स्टार होटलों में कई लोगों को 60 घंटों तक बंधक बनाकर रखा.
Post a Comment