त्योहारों पर सुरक्षा सख्त: DCP पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने सर्राफा व्यापारियों के साथ की अहम बैठक, दिए कड़े निर्देश
कानपुर। आगामी धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा के त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। आज, 31 अक्टूबर 2026 को पुलिस ऑफिस के सभागार में पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) श्री सत्यजीत गुप्ता की अध्यक्षता में पूर्वी जोन के सर्राफा व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) और सभी थाना प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजारों, सर्राफा प्रतिष्ठानों, व्यापारियों और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा क्षेत्र में पूरी तरह सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखना है।
पुलिस उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निम्नलिखित कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं:
- सीसीटीवी कैमरे रहें एक्टिव: सभी सर्राफा व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह क्रियाशील (वर्किंग कंडीशन में) रखने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
- संदिग्धों पर पैनी नजर: बाजारों और सर्राफा दुकानों के आसपास घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस वाहनों पर विशेष सतर्कता बरतने व कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है।
- बढ़ाई जाएगी पुलिस गश्त: त्योहारों के सीजन में भीड़ को देखते हुए बाजारों में प्रभावी पुलिस गश्त, पिकेट और नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए गए हैं।
- यातायात और पार्किंग प्रबंधन: भीड़भाड़ वाले बाजारों में आम जनता को जाम से निजात दिलाने के लिए सुगम यातायात व्यवस्था, बेहतर पार्किंग प्रबंधन और अतिक्रमण नियंत्रण पर विशेष जोर दिया गया है।
- बेहतर समन्वय की अपील: DCP पूर्वी ने व्यापारियों से अपील की है कि वे पुलिस प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें। किसी भी छोटी या बड़ी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते त्वरित कार्रवाई की जा सके।
सम्बन्धित फोटो :

Post a Comment